दो बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत
महासमुंद। बागबाहरा थाना क्षेत्र में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च की दोपहर ग्राम पतेरापाली के पास एनएच-353 पर बाइक क्रमांक सीजी 06 जीए 1052 का चालक गलत दिशा से तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक पतेरापाली निवासी खेमूराम ध्रुव (19) की बाइक से टकरा गई।
हादसे में खेमूराम के सिर में गंभीर चोट आई तथा बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से निजी अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे महासमुंद रेफर किया गया। महासमुंद के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 10 मार्च को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने संपूर्ण मर्ग जांच के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
