जमीन विवाद में महिला व पति से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस

महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने चचेरे भाइयों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिनोधा हाल मुकाम हाउसिंग बोर्ड रमनटोला निवासी जाहिना बेगम पति छबिराम दीवान (31) का विवाह वर्ष 2024 में महासमुंद निवासी छबिराम दीवान के साथ हुआ था। 10 मई को वह अपने पति के साथ जमीन संबंधी चर्चा के लिए ग्राम सिनोधा स्थित अपने मायके गई थी।
बताया गया कि रात करीब 10 बजे जाहिना बेगम ने अपनी बड़ी बहन ताहिरा से घर की चाबी मांगी। इसी दौरान वहां मौजूद उसके चचेरे भाई नब्बू, जंगु और हबीब ने कथित रूप से अश्लील गालियां देते हुए जाहिना और उसके पति के साथ मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आईं। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पटेवा पुलिस ने आरोपी नब्बू, जंगु और हबीब के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।