नगर निकाय और पंचायत चुनाव 2026 की घोषणा
18 मई तक नामांकन, 1 जून को मतदान, 4 जून से होगी मतगणना
महासमुंद। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम और उप निर्वाचन 2026 की समय-सारणी जारी कर दी है। इसके साथ ही जिले में चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सोमवार को निर्वाचन सूचना तथा आरक्षण संबंधी जानकारी का प्रकाशन किया गया। वहीं रिटर्निंग अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों की सूची जारी करते हुए नाम निर्देशन पत्र लेने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 18 मई 2026 को अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके बाद 19 मई को सुबह 10:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। उम्मीदवार 21 मई 2026 को अपरान्ह 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी तथा चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
नगरपालिकाओं के लिए 1 जून को मतदान
नगरपालिकाओं के चुनाव हेतु आवश्यकता होने पर 1 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 4 जून 2026 को सुबह 9 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी तथा उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पंचायत चुनाव के लिए अलग व्यवस्था
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत 1 जून 2026 को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद संबंधित मतदान केन्द्रों पर ही प्रारंभिक मतगणना की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर 2 जून को खंड मुख्यालयों में मतगणना कराई जाएगी। पंच, सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्यों के लिए खंड स्तर पर सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा 4 जून 2026 से शुरू होगी।
प्रशासनिक तैयारियां तेज
चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। जिलेभर में आदर्श आचार संहिता के पालन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
