मूवर्स एंड पैकर्स की आड़ में गांजा तस्करी, अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का मास्टरमाइंड गुजरात से गिरफ्तार

274 किलो गांजा मामले में मुख्य सरगना पकड़ाया
महासमुंद। जिले की बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी “विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स” की आड़ में घरेलू सामान के बीच गांजा छिपाकर एक राज्य से दूसरे राज्य तक सप्लाई करता था।
पुलिस के अनुसार, थाना बसना क्षेत्र अंतर्गत पलसापाली नाका में 28 फरवरी 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान अशोक लेलैंड बड़ा दोस्त वाहन क्रमांक एमपी 15 जेड एल 4455 से 274 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। गांजा घरेलू सामान के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया था, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। मौके से वाहन चालक रोशन यादव को गिरफ्तार किया गया था।
जांच में सामने आया हाईटेक तस्करी नेटवर्क
प्रकरण की गहन जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे सिंडिकेट का संचालन अजीत शर्मा (39) उर्फ दीवाना सेठ कर रहा था। आरोपी रायपुर के कबीर नगर इलाके में “विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स” नाम से व्यवसाय संचालित करता था, जिसकी आड़ में गांजा तस्करी का नेटवर्क चलाया जा रहा था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ओडिशा निवासी सप्लायर राजू उर्फ भोलू महानंद से भारी मात्रा में गांजा खरीदता था और उसे असली ग्राहकों के घरेलू सामान के नीचे छिपाकर राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करवाता था।
चालक की गिरफ्तारी के बाद फरार हो गया था सरगना
मुख्य आरोपी अजीत शर्मा, चालक की गिरफ्तारी के बाद फरार हो गया था और गुजरात में छिपकर रह रहा था। पुलिस को सटीक सूचना मिलने पर बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गुजरात में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अंतर्राज्यीय स्तर पर इस नेटवर्क के अन्य कनेक्शन भी खंगाल रही है।