शिक्षा सेवा के समर्पित अध्याय का सम्मान: कमल नारायण चंद्राकर सेवानिवृत्त

जिला पंचायत सभाकक्ष में भावुक विदाई समारोह, अधिकारियों ने सराहा योगदान
महासमुंद। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण महासमुंद के जिला परियोजना अधिकारी कमल नारायण चंद्राकर के 30 अप्रैल 2026 को शिक्षकीय जीवन में अर्धवार्षिकी पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर जिला पंचायत सभाकक्ष में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, समग्र शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हेमंत नंदनवार के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने श्री चंद्राकर को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके लंबे सेवाकाल, कार्यनिष्ठा तथा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नंदनवार ने अपने संबोधन में कहा कि श्री चंद्राकर ने अपने दायित्वों का निर्वहन सदैव निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ किया। उनकी कार्यशैली, अनुभव और शिक्षा व साक्षरता के प्रति प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई संभावनाओं और समाज सेवा के नए अध्याय की शुरुआत है।
विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक और आत्मीय बना रहा। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री चंद्राकर के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर श्रीमती सम्पा बोस, श्रीमती तारिका कुजांम, जागेश्वर सिन्हा, ईश्वर चंद्राकर, अशोक चंद्राकर, मनोज सिन्हा, मनोज सोनी, कलीराम मधुकर, सरजू दीवान, प्रनीत शर्मा, मयंक दुबे, धनेश यादव, रामकुमार कमार, योगेश ध्रुव, विकास साहू, केशव साहू सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।