आदिवासी कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, लोकेश दीवान बने जिलाध्यक्ष

नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मजबूत करने का संकल्प
महासमुंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नई नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में लोकेश दीवान को महासमुंद जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
नियुक्ति के बाद लोकेश दीवान ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि द्वारिकाधीश यादव के मार्गदर्शन में जिले में आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के साथ-साथ कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
वहीं द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि लोकेश दीवान एक ऊर्जावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनकी सक्रियता से जिले में आदिवासी कांग्रेस का संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे समाज और पार्टी हित में उत्कृष्ट कार्य करेंगे। इस अवसर पर देवनाथ साहू, खेमराज सिन्हा, राजू चंद्राकर एवं एडिसन ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।