मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में रेत खदान के लिए ई-निलामी 9 मई से
मोहला 21 अप्रैल 2026। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में साधारण रेत खदान के पट्टा आवंटन हेतु इलेक्ट्रॉनिक निलामी (रिवर्स ऑक्शन) आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया कलेक्टर कार्यालय (खनिज शाखा) द्वारा छत्तीसगढ़ खनिज विभाग के नियमों के तहत संचालित की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सेम्हरबांधा के अंतर्गत स्थित धानापायली रेत खदान के लिए एक उत्खनन पट्टा ई-निलामी के माध्यम से आवंटित किया जाएगा। यह नीलामी छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के नियम 7 के अंतर्गत की जा रही है।
इच्छुक एवं पात्र बोलीदाता 9 मई 2026 सुबह 10 बजे से 15 मई 2026 शाम 5:30 बजे तक अपनी तकनीकी और वित्तीय बोली जमा कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और बोली केवल MSTC Limited के पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी।
निविदा से जुड़ी विस्तृत जानकारी एमएसटीसी पोर्टल, राज्य खनिज विभाग की वेबसाइट तथा जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत कार्यालयों के सूचना पटलों पर भी जानकारी देखी जा सकती है।प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-निलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
