26 अप्रैल को होगी मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, 2.47 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
सुबह 9:30 बजे बंद होगा परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार, देर से पहुंचने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश
मोहला 21 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन राज्य के 16 जिलों में किया जा रहा है, जबकि इसमें सभी 33 जिलों के परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जिससे फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। यह परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड के तहत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून या चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए पहले पहुंचने को कहा गया है। इसके अलावा, चप्पल पहनकर आने, कान में किसी भी प्रकार के आभूषण न पहनने तथा परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी आदि लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ लाने की अनुमति होगी।
