निर्धारित दर से अधिक मदिरा विक्रय करने पर सेल्समैन को कार्य से किया गया पृथक
राजनांदगांव 21 अप्रैल 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में मदिरा दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर मदिरा विक्रय करने के मामले की जांच की गई। वायरल वीडियो के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी वृत्त प्रभारी राजनांदगांव दक्षिण द्वारा जांच उपरांत संबंधित सेल्समैन को कार्य से पृथक कर दिया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए रेवाड़ीह-01 स्थित विदेशी (कंपोजिट) मदिरा दुकान का दौरा कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाए गए ब्रांड वन शॉट व्हिस्की की पाव 150 रूपए के स्थान पर 200 रूपए में, यानी 50 रूपए अधिक दर पर सेल्समैन युगल किशोर खरे द्वारा विक्रय की गई। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सेल्समैन को कार्य से पृथक कर ब्लैकलिस्ट करने हेतु उच्च विभाग को पत्र भेजा गया। जिले में किसी भी मदिरा दुकान में निर्धारित दर से अधिक दर पर विक्रय की सूचना आबकारी उप निरीक्षक मुकेश वर्मा के मोबाईल नंबर 8412900180 पर दी जा सकती है।
