प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत जिले में लक्ष्य से अधिक हितग्राही लाभान्वित
राजनांदगांव 21 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत राजनांदगांव जिले में लक्ष्य से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। राज्य शासन द्वारा जिले को 5 हजार 618 कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य दिया गया था। जिसके विरूद्ध 8 हजार 110 पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर अब तक 7 हजार 119 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार के कारण अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना से जुड़ सके हैं।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में पूर्व में 1 लाख 73 लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ दिया जा चुका है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत 7 हजार 119 नए कनेक्शन प्रदान किए जाने के साथ ही अब तक कुल लगभग 1 लाख 80 लाख हितग्राही योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत पात्र महिलाओं को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन, गैस चूल्हा एवं पहली रिफिल उपलब्ध कराई जा रही है। यह योजना महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
