एमपी- ओडिशा के 5 आरोपियों से 9 किलो गांजा जब्त, दो महिलाएं भी शामिल

महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 9 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोमाखान चौखड़ी स्थित नेशनल हाईवे 353 पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने डिजायर कार एमपी 28 जेड जे 8011 को रोका, जिसमें पांच लोग सवार थे।
पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम प्रवीण खेलवाड़ी (32), निवासी चंदनगांव, थाना कोतवाली, जिला छिंदवाड़ा (म.प्र.) बताया। उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम गणेश भैसाल (55), निवासी बलांगीर (ओडिशा) बताया। वहीं पीछे बैठे अन्य लोगों ने अपना नाम महेंद्र चौरसिया (40), निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), सावित्री बाई (35), निवासी छिंदवाड़ा (म.प्र.) और सोनम ककोड़िया (27), निवासी खजरी बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 9 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(क)(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां खपाने की योजना थी।