जंगल में मिली युवक की लाश, गले और चेहरे पर गहरे घाव, हत्या की आशंका
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हिच्छा मार्ग स्थित जंगल में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक (लगभग 25-26 वर्ष) की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर मिले गहरे चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खट्टी स्थित शराब दुकान के पीछे जंगल में कोटवार तुलसीदास ने एक युवक का शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाए और मृतक की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में युवक के गले और हाथ पर गहरे घाव पाए गए हैं, वहीं चेहरे पर भी बेरहमी से वार किए जाने के निशान मिले हैं। इससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
कोतवाली प्रभारी राजीव नाहर ने बताया कि युवक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
