अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी ने जिला जेल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भोजन, चिकित्सा और बंदियों को मिल रही सुविधाओं की जांच, बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
महासमुंद। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी ने आज बेमचा स्थित जिला जेल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। यह निरीक्षण छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के निर्देश एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में किया गया।
निरीक्षण के दौरान कमेटी की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अनिता डहरिया, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट व प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सुश्री चेतना ठाकुर मौजूद रहीं। उन्होंने जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
कमेटी ने जेल परिसर में स्थापित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, बैरकों की स्थिति, नए बैरकों के निर्माण, मुलाकात कक्ष, विधिक सहायता कक्ष, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता और बंदियों को दिए जा रहे वस्त्रों की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कमेटी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनके रहन-सहन, न्यायालय में लंबित प्रकरणों, अधिवक्ताओं से संपर्क और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा नवनिर्मित अतिरिक्त बैरकों का भी अवलोकन किया गया।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री अक्षा गुप्ता, तहसीलदार जुगल किशोर, जेल अधीक्षक अश्विनी पूजा तिर्की, सहायक जेल अधीक्षक उदय राज गायकवाड़, एलएडीसीएस की अधिवक्ता श्रीमती रीना जैन, जेल चिकित्सा अधिकारी महेंद्र चौधरी, थाना प्रभारी नरेन्द्र राठौर सहित जेल स्टाफ और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
