बेटियों के सपनों को पंख, शिक्षा को मिली रफ्तार, 107 छात्राओं को बांटी सरस्वती साइकिल

झारा और देवरी में हुआ पौधरोपण
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने एवं ग्रामीण अंचल की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम झारा एवं देवरी में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 107 छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर शामिल हुए।
ग्राम झारा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 38 छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी खल्लारी जय प्रकाश यादव, सरपंच श्रीमती चंद्रकला जागड़े, सरपंच पाली भुनेश्वर लोधी, शंकर नेताम सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में ग्राम देवरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 69 छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम में सरपंच अहिल्या शांताराम साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, उपसरपंच फनीश कुमार यादव, ओमप्रकाश ध्रुव सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बेटियों के हाथों में साइकिल नहीं, भविष्य की नई रफ्तार
इस अवसर पर भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को सुगम, सशक्त और निरंतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। साइकिल मिलने से उनकी आवागमन की समस्या कम होगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
उन्होंने कहा, “आज बेटियों के हाथों में सिर्फ साइकिल नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नई रफ्तार सौंपी गई है। हमारी बेटियां खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और आत्मनिर्भर बनें यही हमारा संकल्प है।”
‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत किया पौधरोपण
ग्राम देवरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की देखभाल और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार बेटियों के भविष्य को संवारना हमारी जिम्मेदारी है, उसी प्रकार आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी हम सभी का दायित्व है। शिक्षा और पर्यावरण, दोनों ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
शिक्षक दिवस पर गुरुजनों को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस के अवसर पर भीखम सिंह ठाकुर ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके जीवन में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण की नींव रखते हैं।
उन्होंने सभी गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि एक शिक्षक के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन की सही दिशा तय करता है और यही विद्यार्थी आगे चलकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।