आईसक्रीम फैक्ट्री में घुसकर मारपीट, अपराध दर्ज

महासमुंद। बेलसोंडा स्थित आईसक्रीम फैक्ट्री में घुसकर तोड़फोड़ व मारपीट के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। नांदगांव रोड बेलसोंडा स्थित बिसेन फूड्स कंपनी के संचालक नीरज सिंह बिसेन ने थाने में शिकायत की है कि उनकी फैक्ट्री के खिलाफ की गई शिकायत की जांच के लिये 16 मार्च को खाद्य विभाग, राजस्व विभाग व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संयुक्त टीम दोपहर 01 बजे पहुंची थी। टीम के पहुंचने के तत्काल बाद कुणाल चंद्राकर, सूर्या चंद्राकर, तोमेश चंद्राकर तथा अन्य बेलसोंडा व शिकारीपाली निवासी बिना प्रदर्शन की अनुमति फैक्ट्री में रॉड, डंडा व तख्ती लेकर अवैधानिक रूप से प्रवेश कर विरोध प्रदर्शन करने लगे तथा आक्रोशित होकर नारेबाजी कर गाली -गलौज, मारपीट करने लगे। जब उन लोगों को शांतिपूर्वक बात करने तथा जांच टीम को कार्रवाई करने देने का आग्रह किया तब उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर लक्की साहू और राजेंद्र कहार के साथ मारपीट की। जिससे लक्की साहू के गले और राजेंद्र कहार के हाथ व पेट में चोट आई है। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री परिसर में मौजूद आयशर फ्रीजर वेन को नुकसान पहुंचाया। साथ ही उन गाड़ियों के चार्जर तथा उसमें रखे हुए मोबाइल चार्जर चोरी कर ले गए। उक्त लोगों के प्रदर्शन के कारण जांच टीम द्वारा समय पर कार्रवाई भी नहीं की जा सकी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 324(2), 332, 351(3) के तहत अपराध कायम किया गया है। ग्रामीणों ने कहा-सीसीटीवी फुटेज की जांच हो। इधर, मामला दर्ज होने के बाद बेलसोंडा में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें फैक्ट्री संचालक द्वारा लगाए गए आरोपों को मयप्रमाण प्रस्तुत करने कहा गया। ग्रामीणों ने कहा कि फैक्ट्री में लगे सीसी टीवी कैमरें तथा आसपास के कैमरों की मदद ली जाए, जिससे स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। ग्रामीणों की मांग है कि आरोप अनर्गल पाए जाने पर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ भी झूठी शिकायत और एफआईआर दर्ज कराए जाने का ग्रामीण आवेदन करेंगे।