सहकारी समितियों में उर्वरकों का भंडारण जारी

महासमुंद। जिले में रबी मौसम अब अंतिम चरण में है और खरीफ की तैयारी जोर पकड़ने लगी है। सहकारी समितियों में उर्वरकों का भंडारण जारी है। वर्तमान स्थिति के अनुसार जिले की समितियों में 7282 टन यूरिया, 6196 टन एसेसपी, 2527 टन डीएपी, 1119 टन एमोपी, 1437 टन एनपीके उपलब्ध है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे भीड़ और संभावित कमी से बचने के लिए समय रहते उर्वरकों का अग्रिम उठाव कर लें। विभाग ने विशेष रूप से जुलाई से सितंबर के बीच यूरिया की बढ़ती मांग को देखते हुए अभी से तैयारी करने की सलाह दी है। उपसंचालक कृषि एफआर कश्यप ने निजी विक्रेताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना लाइसेंस बीज, खाद और कीटनाशक का व्यापार करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नए लाइसेंस के लिए बीज 1000 रुपए, उर्वरक 1250 रुपए, कीटनाशी 1500 रुपए ग्रामीण एवं 7500 रुपए शहरी के लिए शुल्क निर्धारित है । इच्छुक व्यापारी संबंधित विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों से संपर्क कर आवेदन जमा कर सकते हैं।