कलेक्टर की अध्यक्षता में जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित

दंतेवाड़ा, 18 मार्च 2026। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के भू-तल स्थित सभाकक्ष में जनगणना कार्य के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जनगणना के अंतर्गत भवन नंबरिंग का कार्य आगामी शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सके। जिन क्षेत्रों में भवनों की नंबरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां प्रगणकों और सुपरवाइजरों को अपने-अपने सर्किल का ऑफलाइन मैप कागज पर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। इससे क्षेत्रवार जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित करने में सुविधा होगी।
इसके अलावा बैठक में स्वगणना (सेल्फ ऐनुमैरेशन) के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना अनिवार्य है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।