जनगणना : कलेक्टोरेट में एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित

दंतेवाड़ा, 18 मार्च 2026। भारत की आगामी जनगणना-2027 को सुव्यवस्थित और त्रुटि रहित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में बस्तर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। छत्तीसगढ़ जनगणना कार्य निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विगत दिवस कलेक्टोरेट स्थित भू तल स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कलेक्टर देवेश कुमार के निर्देशानुसार इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को इस राष्ट्रीय अभियान की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत की जनगणना-2027 का विशाल कार्य कुल दो चरणों में पूर्ण किया जाएगा। इस रणनीति के तहत जिले में प्रथम चरण का फील्ड कार्य आगामी 01 मई से 30 मई 2026 के मध्य संचालित होगा, जिसमें मुख्य रूप से मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाना है। इस समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा वर्तमान में सभी आवश्यक बुनियादी तैयारियां और संसाधन सुनिश्चित किए जा रहे हैं ताकि मैदानी स्तर पर गणना का कार्य निर्बाध रूप से चल सके। इस रिफ्रेशर ट्रेनिंग में जनगणना निदेशालय रायपुर द्वारा नियुक्त जिला नोडल अशोक कुमार, राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर संतोष मेंढे एवं नसीब अहमद खान मौजूद रहें। जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार सह चार्ज अधिकारी और नायब तहसीलदार सह अतिरिक्त चार्ज अधिकारी ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। उनके साथ संबंधित विभागों के लिपिक और तकनीकी सहायक भी उपस्थित रहे, जिन्हें गणना के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में विस्तार से समझाया गया। जिला प्रशासन ने इस अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता और सटीकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।