स्वरोजगार से संबंधित ऋण प्रकरणों का करें प्राथमिकता से निराकरण : कलेक्टर
केसीसी प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा, अस्वीकृत ऋण प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
मोहला 18 मार्च 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जी आर मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्वरोजगार से संबंधित ऋण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि युवाओं एवं महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़े सभी ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्वीकृत ऋण प्रकरणों की भी गहन समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद पंचायतों के सीईओ को हितग्राहीवार फॉलोअप लेने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पशुपालन, मत्स्य एवं कृषि विभाग के केसीसी प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण हेतु वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से पूर्व आवश्यक सत्यापन कार्य पूर्ण कर लिया जाए, ताकि एक प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात अगला प्रशिक्षण समय पर प्रारंभ किया जा सके।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पीएम स्कूल सैचुरेशन, आधार आईडी, शौचालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा जाति प्रमाण पत्र हेतु विशेष शिविर आयोजित करने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। नगर पंचायत की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना, पीएम स्वनिधि एवं विश्वकर्मा योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने छात्रावासों के निरीक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, व्यक्तिगत वन अधिकार पत्रों तथा मध्यक्षेत्र प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना अंतर्गत देवगुड़ी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश सीईओ जनपद को दिए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में सामाजिक सहायता पेंशन, आधार एवं मोबाइल सीडिंग तथा डीएलसी भौतिक सत्यापन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धजन डे-केयर केंद्र एवं वृद्धाश्रम निर्माण के संबंध में जानकारी लेते हुए बेहतर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आयुष औषधालयों के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में सहकारी समितियां नहीं हैं, ऐसे ग्रामों को चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाए तथा वहां कृषि, मत्स्य एवं पशुपालन से संबंधित नई समितियों का गठन सुनिश्चित किया जाए।
