प्रधानमंत्री आवास निर्माण पूर्णता में लाएं तेजी : कलेक्टर

निर्माण कार्य में प्रगति लाने प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों को प्राथमिकता से लगाने के दिए निर्देश
मोहला 18 मार्च 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला पंचायत अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मनरेगा, एनआरएलएम, लखपति दीदी, एसएचजी समूह आदि के अंतर्गत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, सभी जनपद सीईओ तथा जिला पंचायत के सभी अधिकारी, अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने शासन की फ्लैगशिप योजना प्रधानमंत्री आवास को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए। समीक्षा के दौरान श्रीमती प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हो रहे निर्माण कार्यों, निर्माणाधीन आवासों, अप्रारंभ आवास एवं पूर्ण हुए आवासों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जो आवास समय पर पूर्ण नहीं हुए हैं, उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने आवास निर्माण को लेकर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जनपदवार की गई समीक्षा में जहां अपेक्षित उपलब्धि नहीं मिली है, वहां शीघ्र लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों की पूर्ति को लेकर कराए गए राजमिस्त्री प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां आवास निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहां प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों को प्राथमिकता से लगाया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट कर जमीनी स्तर की समस्याओं को समझें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही दैनिक मॉनिटरिंग करने और हितग्राहियों को आवास निर्माण की किस्तों का समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। कलेक्टर ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के सेंटरिंग प्लेटों का उपयोग आवास निर्माण कार्यों में किया जाए, जिससे न केवल निर्माण कार्यों में सुविधा होगी बल्कि समूहों की आय में भी वृद्धि होगी।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने मनरेगा अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों एवं पूर्व में पूर्ण किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने भूमि सुधार, आवास निर्माण तथा आजीविका डबरी जैसे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निरंतर मास्टर रोल जारी कर अधिक से अधिक कार्य प्रारंभ किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगति के साथ-साथ आमजन को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिल सकें। विशेष रूप से आजीविका डबरी जैसे कार्यों के माध्यम से लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए सभी गतिविधियों को गंभीरता और निरंतर प्रयास के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और शौचालय विहीन परिवारों को ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत में आवेदन करने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण के माध्यम से जिले में स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने महिला समूहों को उद्यमिता से जोड़ने और उनकी आय में बढ़ोतरी करने के उपायों पर चर्चा की। योजना के माध्यम से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाकर ग्रामीण महिलाओं को आजीविका संवर्धन कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनआरएलएम के हितग्राही महिलाओं को जोड़ने और महिला समूहों द्वारा जिले में प्रोडक्ट निर्माण एवं ब्रांडिंग के माध्यम से कार्ययोजना बनाकर बृहद स्तर पर कार्य करने को कहा, ताकि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी के साथ आय में वृद्धि हो सके।