गर्मी से पहले फिल्टर प्लांट के मोटर-पंप व उपकरणों की होगी मरम्मत
पीआईसी बैठक में 33 प्रस्तावों पर मुहर, शहरवासियों को सुचारू जल आपूर्ति पर जोर
महासमुंद। नगर पालिका सभाकक्ष में बुधवार को नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े 33 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।
बैठक में ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए बेलसोंडा फिल्टर प्लांट के मोटर पंप, संयंत्र और उपकरणों की मरम्मत को प्राथमिकता दी गई, ताकि नागरिकों को गर्मी के दौरान सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
इसके अलावा बैठक में जाति व निवास प्रमाण पत्र आवेदनों के निराकरण, 15वें वित्त आयोग की शेष राशि से बिजली बिल भुगतान, वार्डों में चबूतरा निर्माण व पानी टंकी स्थापना, एबीसी सेंटर के संचालन हेतु सामग्री क्रय, भूमि/भवन नामांतरण प्रकरणों के निपटारे सहित विभिन्न मरम्मत और निर्माण कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति सुरज नायक, ज्योति रिंकू चंद्राकर, ईश्वरी भोई, गुलशन साहू, जय देवांगन, सीएमओ अशोक सलामे, इंजीनियर हेमंत पिस्दा, साधना अहिरवार, लेखापाल करण यादव, पीडब्ल्यूडी नरेश ध्रुव, विद्युत विभाग से सीताराम तेलक, राजस्व विभाग से दिलीप चंद्राकर, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नाैशाद बक्श, यशवंत ठाकुर व अन्य विभागीय अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित थे।
