चैत्र नवरात्र में सिरपुर में जलेगी आस्था की अखंड ज्योत, अष्टमी पर भंडारा

महासमुंद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर सिरपुर स्थित जय चंडी दाई मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मनोकामना पूर्ति के लिए अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
गंधेश्वरनाथ महादेव ट्रस्ट, सिरपुर द्वारा तेल ज्योत के लिए 651 रुपए की राशि निर्धारित की गई है। ट्रस्ट के दाऊलाल चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च को अभिजीत मुहूर्त प्रातः 11:36 बजे से दोपहर 12:24 बजे तक कलश स्थापना एवं विधिवत पूजन किया जाएगा।
नवरात्र के दौरान 23 मार्च को पंचमी, 25 मार्च को सप्तमी तथा 26 मार्च को अष्टमी मनाई जाएगी। अष्टमी के दिन ट्रस्ट समिति की ओर से भंडारे का विशेष आयोजन रखा गया है। इसके अलावा पूरे नवरात्र पर्व के दौरान प्रतिदिन मां चंडी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में नवरात्र के दौरान धार्मिक माहौल रहेगा और दूर-दराज से भक्तजन मां चंडी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।