साढ़े 16 लाख का दाल और शक्कर छिपाने वाले चालक-परिचालक गिरफ्तार
महासमुंद। रायपुर से झारखंड के लिए रवाना हुई दाल और शक्कर की लाखों रुपए की खेप को रास्ते में ही ठिकाने लगाने वाले ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर को कोमाखान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से ट्रक में लदा सामान एक सूनसान मकान में छिपा दिया था और खाली ट्रक छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने चोरी किए गए पूरे माल के साथ ट्रक भी बरामद कर लिया है।
मामले में गुढियारी रायपुर निवासी गौतम चंद सेठिया ने 14 मार्च को कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मां लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के ट्रक सीजी 04 एम ई 8671 में करीब 30 मीट्रिक टन दाल और शक्कर (कुल कीमत 16.50 लाख रुपए) चाईबासा के लिए रवाना किया गया था। ट्रक को ड्राइवर झनक नायक और परिचालक संतोष आदिवासी लेकर निकले थे। तय समय पर ट्रक के गंतव्य तक न पहुंचने और दोनों के मोबाइल बंद मिलने पर संदेह गहराया। जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक को ग्राम सिंघोड़ा के पास खाली छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच तेज की और टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। 16 मार्च को पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लालच में आकर उन्होंने माल को पटपरपाली स्थित नेशनल हाईवे 353 के पास एक सूनसान मकान में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त मकान में छापा मारकर 420 प्लास्टिक बोरी शक्कर कीमत 8.25 लाख रुपए, तुअर, अरहर, मसूर, मूंग, काबुली चना, राजमा, उड़द दाल (कीमत लगभग 8.25 लाख रुपए) और ट्रक जब्त किया गया।
