मामूली विवाद पर चाकू से जान लेवा हमला
महासमुंद। चाकू से वार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस को टेका निवासी जितेंद्र बरिहा ने बताया कि 15 मार्च को गांव के प्रदीप साहू की बारात में उसका भाई नरेंद्र बरिहा, उमेश बरिहा और चंद्रशेखर बरिहा और गांव के अन्य लोग बस से ग्राम मोहतरा थाना बिलाईगढ़ गए थे। बारात में शामिल होकर वापस ग्राम टेका आते समय बस में उसके भाई नरेंद्र बरिहा ने अपना पैर राम सिन्हा के पैर के ऊपर रखा था, जिसे लेकर दोनों में विवाद हुआ। टेका पहुंचने पर बस से उतरते समय नरेंद्र बरिहा के साथ विवाद करते हुए राम सिन्हा ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से नरेंद्र के बांये कंधा के पास वार किया। बीच बचाव करने आए उमेश बरिहा और चंद्रशेखर साहू के साथ भी गाली-गलौज कर मारपीट की और उमेश बरिहा की पीठ पर चाकू से वार किया। साथ ही चंद्रशेखर के मुंह के बांये हिस्से में पत्थर फेंककर मारा। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 296, 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
