115 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 115 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना सरायपाली और चौकी भंवरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से ग्राम नूनपानी और बुंदेलाभाटा में छापामार कार्रवाई की। थाना सरायपाली क्षेत्र से 100 लीटर और भंवरपुर क्षेत्र से 15 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 23 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की। साथ ही मौके पर 600 किलो महुआ लाहन को नष्ट किया गया।
थाना सरायपाली में दो अलग-अलग मामलों में सुमित्रा भारती (51 वर्ष) और दीपक रात्रे (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जबकि चौकी भंवरपुर क्षेत्र से मनोज जांगड़े (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 4558.151 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 11 लाख 47 हजार 735 रुपये है, जब्त की जा चुकी है। वहीं 342 प्रकरणों में 393 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।