4 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं बसना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.070 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 3 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च को वाहन चेकिंग के दौरान बसना थाना क्षेत्र में एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 06 जी एक्स 4909) को रोककर जांच की गई। बाइक सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम सुरेंद्र कुमार गडतिया (32) निवासी पझरापाली और संजय विशाल (22) निवासी चारभांठा थाना सांकरा बताया।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद सफेद झोले से 4 पैकेट में टेप से लिपटा गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर इसकी मात्रा 4.070 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही गांजा, बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 83 हजार 500 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिले में 52 मामलों में 3076.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कुल कीमत 15 करोड़ 33 लाख 4 हजार रुपये है। इन मामलों में कुल 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 40 आरोपी छत्तीसगढ़ और 99 अन्य राज्यों के हैं।
