ग्रामीणों ने फैक्ट्री के खिलाफ खोला मोर्चा
महासमुंद। बेलसोंडा में संचालित बिसेन फूड इंडस्ट्रीज की लिटिल बाइट आइसक्रीम फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री की लापरवाही से पूरे इलाके में गंदगी फैल रही है और इससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने लगा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा और दूषित पानी खुले में बह रहा है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इससे न केवल दुर्गंध फैल रही है, बल्कि संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री परिसर के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है और दूषित पानी खेतों व पीने के पानी के स्रोतों तक पहुंच रहा है। इससे खेती और लोगों के स्वास्थ्य दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अस्वच्छ और नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही फैक्ट्री को तत्काल बंद करा मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच के निर्देश दे दिए हैं।
