सूने घर से 20 हजार फिर हुई चोरी

महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार की रात ग्राम लाखागढ़ के शीतल विहार कॉलोनी में शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर का ताला तोड़कर हजारों रुपये पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार शीतल विहार कॉलोनी निवासी दिनेश अग्रवाल परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे। अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर कमरे में रखी आलमारी को खंगाल डाला। चोर आलमारी से लगभग 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि आलमारी के अंदर बने मुख्य लॉकर को चोर नहीं तोड़ सके। लॉकर में लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और बड़ी रकम रखी हुई थी, जो सुरक्षित बच गई। घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने कॉलोनी और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी जांच और फुटेज विश्लेषण जारी है।

इन्हें भी पढ़े