भारी मुनाफे का लालच में फंसे शासकीय कर्मी, 11.90 लाख की ठगी

महासमुंद। शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर एक सरकारी कर्मचारी से 11 लाख 90 हजार 840 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घुंचापाली कला के उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ राजेश कुमार नायक ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान फेसबुक पर मीरा शर्मा नाम की आईडी से हुई थी। मैसेंजर पर बातचीत के दौरान उसे शेयर मार्केट में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। ठगों ने शुरूआत में एक ऐप एक्टिवेट करने के नाम पर 12 हजार रुपये लिए और बाद में पीड़ित को एक वेबसाइट पर भेजकर व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप में शामिल लोगों ने पीड़ित से पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज लेकर ऑनलाइन एग्रीमेंट कराया और मुनाफे का 30 प्रतिशत गाइडेंस फीस देने की शर्त रखी। विश्वास दिलाने के लिए शुरू में छोटे ट्रांजेक्शन पर मुनाफा दिखाया गया। लालच में आकर उन्होने दिसंबर 2025 में कई बार अलग-अलग यूपीआई आईडी और बैंक खातों में रूपए ट्रांसफर किया । 17 दिसंबर 2025 को उन्होने बंधन बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के खातों में 3.50 लाख और 5 लाख रुपये चेक और आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिया। वेबसाइट पर उन्हें 1,20,921 डिजिटल करेंसी का मुनाफा दिखाया गया, जिसकी भारतीय कीमत करोड़ों में बताई गई। जब उन्होंने रुपये निकालने की कोशिश की तो ठगों ने पहले 30 प्रतिशत मुनाफा जमा करने की शर्त रख दी। तब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66-ऊ के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े