अंजान कार की ठोकर से बाइक सवार घायल

महासमुंद। बसना में स्थित शिव ट्रेडर्स के सामने 13 मार्च को एक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम गढ़पटनी निवासी गंगाराम कैवर्त अपनी प्लेटिना बाइक सीजी 06 एचडी 1802 से जा रहा था, तभी वीर नारायण सिंह चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गंगाराम के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल के भाई गयाराम ने बताया कि राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रवाल नर्सिंग होम रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ धारा 125(ए) और 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।