स्टॉक में अनियमितता ,625 सिलेंडर जब्त

महासमुंद। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच टीम ने विकासखंड पिथौरा के होटलों और ढाबों में व्यापक जांच अभियान चलाया। जांच दल में सहायक खाद्य अधिकारी हरीश सोनेश्वरी और मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा, अविनाश दुबे और दिव्यांशु देवांगन शामिल थे। टीम ने पिथौरा में संचालित होटलों, ढाबों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान जगन्नाथ इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में रखे सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान वास्तविक स्टॉक से 14.2 किलोग्राम के 39 घरेलू सिलेंडर, 5 किलोग्राम के 19 छोटे सिलेंडर तथा 19 कॉमर्शियल सिलेंडर कम पाए गए। स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर कुल 625 सिलेंडर जब्त किए गए। इसी अभियान के तहत पिथौरा के संतोष होटल से 6 घरेलू सिलेंडर, हनुमान माखड़ी भोजनालय से 3 और महाकाल चाय सेंटर से 1 घरेलू सिलेंडर व्यवसायिक उपयोग करते हुए पाए गए, जिन्हें भी जब्त कर लिया गया। जांच में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित गैस एजेंसी और प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रकरण सक्षम न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया जा रहा है। खाद्य विभाग ने होटल और ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे ईंधन के रूप में केवल कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें।