1000 रुपये की मदद से बढ़ा व्यवसाय
हीरोंदी कड़ियाम की आय हुई दोगुनी
नारायणपुर, 13 मार्च 2026 // छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी योजना से समेकित बाल विकास परियोजना ओरछा (अबुझमाड़) क्षेत्र की निवासी श्रीमती हीरोंदी कड़ियाम की जिंदगी में भी नया परिवर्तन आया है।
श्रीमती हीरोंदी कड़ियाम, पति चतुर सिंह कड़ियाम, मूलतः छोटेडोंगर की रहने वाली हैं। उनके परिवार में 5 बच्चे हैं और परिवार की जिम्मेदारी भी बड़ी है। पहले वह साप्ताहिक बाजारों में जाकर लाई और चना बेचकर अपने परिवार का गुजारा करती थीं। आय सीमित होने के कारण परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना काफी कठिन हो जाता था। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना के तहत जब उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलने लगी, तब उन्होंने इस राशि को अपने छोटे व्यवसाय को बढ़ाने में लगाना शुरू किया। उन्होंने लाई और चना के साथ-साथ मूंगफली, मिक्सचर, बिस्किट, नड्डा सहित अन्य खाद्य सामग्री भी अपने व्यवसाय में शामिल कर ली।
अब श्रीमती हीरोंदी कड़ियाम फरसबेड़ा, छोटेडोंगर और ओरछा के साप्ताहिक बाजारों में जाकर अपना सामान बेचती हैं। व्यवसाय बढ़ने से उनकी आय में भी लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है। इससे अब वह अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और परिवार की अन्य जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं। आज श्रीमती हीरोंदी कड़ियाम आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ अपना जीवन जी रही हैं। वह कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में नया उत्साह और आत्मनिर्भरता लाई है। इसके लिए वह छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के प्रति आभार व्यक्त करती हैं, जिनकी पहल से उन्हें अपने परिवार को बेहतर जीवन देने का अवसर मिला है।
