अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भोरिंग में खेल और फिटनेस को समर्पित विशेष कार्यक्रम

महासमुंद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भोरिंग स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में 08 मार्च को खेल और फिटनेस को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स अथार्टी आफ इंडिया (साई) द्वारा माय भारत के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ, सक्रिय और आत्मविश्वासी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोरिंग की लीला साहू उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहू, ईएमआरएस की टीजीटी अंजुली जैन, बूल्टी सरकार तथा पीजीटी हृषिक देबनाथ मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान एथलेटिक्स की तीन प्रमुख स्पर्धाएं 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं को 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में संपन्न कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए म्यूजिकल चेयर और टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) जैसी मनोरंजक खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन खेलों में प्रतिभागियों के साथ-साथ उपस्थित लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और आनंद का माहौल बना रहा।
महिलाओं के सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता का महत्वपूर्ण संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से खेल गतिविधियों के जरिए महिलाओं के सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जहां प्रतिभागियों ने पूरी ऊर्जा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया।