स्वर्णकार महिला मंडल ने मनाया होली मिलन और महिला दिवस उत्सव

फाग गीतों की धुन पर थिरकीं स्वर्णकार समाज की महिलाएं
महासमुंद। छत्तीसगढ़िया स्वर्णकार महिला मंडल द्वारा ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन स्थानीय सोनी समाज सामुदायिक भवन में किया गया। होली मिलन का उत्सव और भी खास रहा क्योंकि यह अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में रंगों, प्रेम और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह का शुभारंभ भगवान राधा-कृष्ण की मूर्ति की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पश्चात महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीतों और राधा-कृष्ण के भजनों पर जमकर नृत्य किया। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गिले-शिकवे भुलाते हुए सभी ने सामाजिक एकता का संदेश दिया।
महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सरला सोनी ने सभी को होली और महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘हमें स्वयं पर दृढ़ विश्वास और आत्मविश्वास रखना चाहिए। समाज की एकजुटता और सुदृढ़ीकरण के लिए हमें निरंतर प्रयास करने होंगे।’
मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद श्रीमती ईश्वरी भोई ने स्वर्णकार समाज की महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और समाज के विकास में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। संस्कारों की परंपरा को निभाते हुए कार्यक्रम में समाज की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती दुर्गा पोद्दार एवं श्रीमती लता सोनी का विशेष सम्मान कर उनसे आशीर्वाद लिया गया। इस अवसर पर संगठन की पदाधिकारी और सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं, जिनमें पदाधिकारी नीता सोनी (उपाध्यक्ष), राखी सोनी (कोषाध्यक्ष), पूर्णिमा सोनी (सचिव)। सदस्य: रेणु सोनी, डाली चौधरी, बरखा सोनी, कुंती सोनी, सारिका सोनी, शिखा सोनी, प्रतिमा सोनी, अंजली सोनी, पूजा सोनी,भावना सोनी, रिंकी सोनी, नंदिनी सोनी, श्वेता सोनी एवं सरिता सोनी सहित समाज की अन्य महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल थीं।