ड्रग्स मामले में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी से मिलेंगे परिषद के सदस्य
महासमुंद। नगर पालिका कार्यालय में आज नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में सभापति एवं पार्षदों की बैठक हुई। जिसमें शहर में बढ़ रहे नशाखोरी, नशीले पदार्थों की बिक्री, ड्रग्स के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग को लेकर चर्चा हुई। बैठक में परिषद के सदस्यों ने निर्णय लिया कि गत दिनों अखबारों के माध्यम से शहर में ड्रग्स के कारोबार की जानकारी मिली है। उसमें संलिप्त लोगों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले में सभी ने एक स्वर में नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही। परिषद के सदस्यों ने कहा कि महासमुंद जैसे शांत प्रिय शहर में इस तरह अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। ड्रग्स के कारोबार में 4 लोगों को पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन बिना कोई कार्रवाई के उन्हें छोड़ दिया गया। कार्रवाई नहीं होने से ऐसे असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ेंगे और शहर में ड्रग्स के कारोबार को बल मिलेगा। अतः इस अवैध कारोबार पर अभी से रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि शहर में अवैध शराब, सूखा नशा, मेडिकल नशे की बिक्री सहित जुआ, सट्टा के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम की आवश्यकता है, ताकि भावी पीढ़ी को नशे के दलदल में धसने से बचाया जा सके। इसके लिए पालिका परिषद के समस्त सदस्यों सहित आम जनता की सहयोग भी जरूरी है। माता पिता का दायित्व है, की अपने बच्चों के गतिविधियों पर नजर रखें। और अवैध नशे के कारोबार करने वालों का विरोध करें। श्री साहू ने कहा कि नशे के कारण कई घर उजड़ चुके हैं। नवयुवक नशे के जाल में फंसकर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। पुलिस की जिम्मेदारी है, इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करें। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराकर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। बैठक में सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, सभापति ईश्वरी संजय भोई, जय देवांगन, पार्षद सुनैना पप्पू ठाकुर, गुलशन साहू, चंद्रशेखर बेलदार, मुस्ताक खान, धनेंद्र चंद्राकर, नीरज चंद्राकर, धनेश्वरी सोनाधार सोनवानी, पीयूष साहू, मुन्ना देवार, कल्पना सूर्यवंशी, विधायक प्रतिनिधि हाफिज कुरैशी आदि उपस्थित थे।
