ट्रक से गुजरता खपाने ले जा रहे 18 किलो गांजा बरामद
भुवनेश्वर से 8 हजार रुपए किलो में खरीदा था गांज
महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर आबकारी विभाग की टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। ग्राम बैतारी के पास वाहनों की रूटीन चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे ट्रक जीजे-12 बीटी-6441 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 18 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया।
पकड़े गए ट्रक चालक राजकोट गुजरात निवासी आरोपी इरफान अब्दुलभाई गौरी (40) ने बताया कि उसने ओडिशा के भुवनेश्वर (सुहेला) के पास से गांजा करीब 8 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदा था और इसे गुजरात में 25 हजार रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की योजना बना रहा था। पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी दो बार गांजा तस्करी कर चुका है। आबकारी उपनिरीक्षक मिर्जा जफर बेग ने बताया कि ट्रक चालक ओडिशा में सामान खाली करने गया था और वापसी में रायपुर से नया माल भरकर गुजरात जाने वाला था। इसी दौरान आबकारी टीम ने चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक से 18.300 किलो गांजा (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20 (बी) (ई) (सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
