सरपंच के साथ हाथापाई, आंदोलन की चेतावनी

महासमुंद। रेत का अवैध परिवहन का विरोध करने पर सरपंच के साथ हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत भुरकोनी की सरपंच सरिता दीवान ने बताया कि घटना की शिकायत बुंदेली चौकी में दर्ज कराई गई है तथा पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की मांग की गई है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मामले से नाराज ग्रामीणों ने एक दिन पहले थाने का घेराव भी किया, बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सरपंच ने कहा कि 22 फरवरी को महिला स्वसहायता समूह की बैठक के दौरान गांव में हो रहे रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए लोगों को समझाइश दी जा रही थी। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया। शिकायत में बलेस सिन्हा पर धक्का-मुक्की करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। सरपंच ने प्रशासन से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन पर तत्काल रोक लगाने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे भूख हड़ताल के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।