महिलाएं अपने त्याग, समर्पण और मेहनत से परिवार और समाज को मजबूत बनाती हैं: विधायक

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 100 से अधिक महिलाओं का सम्मान
शंकराचार्य भवन में गुंजा ‘‘हम हैं शक्ति, हम हैं नारी’’
महासमुंद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘‘हम हैं शक्ति, हम हैं नारी’’ थीम पर स्थानीय शंकराचार्य भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद सदस्य श्रीमती विजयलक्ष्मी जांगड़े, पार्षद पीयूष साहू, चंद्रशेखर बेलदार, ईश्वरी भोई, रमेश साहू, संदीप घोष, साजन यादव, धर्मेंद्र महोबिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि भारत में नारी को माता का दर्जा दिया गया है और छत्तीसगढ़ को ‘‘महतारी’’ कहा जाता है। उन्होने कहा कि वर्ष 1955 में छत्तीसगढ़ से मिनीमाता लोकसभा की पहली महिला सदस्य बनी थीं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। वर्तमान में महासमुंद की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी भी महिला हैं और जल्द ही श्रीमती लक्ष्मी वर्मा राज्यसभा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी है और महासमुंद जनपद में 25 में से 19 सीटों पर महिलाएं निर्वाचित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की जड़ के समान हैं, जो अपने त्याग, समर्पण और मेहनत से परिवार और समाज को मजबूत बनाती हैं। आज महिलाएं ‘‘लखपति दीदी’’ बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए रानी दुर्गावती योजना का उल्लेख किया, जिसके तहत बेटी के 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। आजीविका मिशन के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और कई महिलाएं ‘‘लखपति दीदी’’ बनकर नई पहचान स्थापित कर रही हैं।
नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। सक्षम योजना के माध्यम से महिलाओं को ऋण की सुविधा मिल रही है और महासमुंद में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की पहल से महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नर्सिंग कॉलेज भी खोला जाएगा। कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन प्रतिबद्ध है। जनपद सदस्य श्रीमती विजयलक्ष्मी जांगड़े ने कहा कि महिलाएं समाज की वास्तविक शक्ति हैं। वे मां, बहन और पत्नी के साथ-साथ समाज के प्रति भी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों को साकार करने और संघर्ष से पीछे न हटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. अभिलाषा ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एनीमिया, बुखार जैसी समस्याओं को नजरअंदाज न करें तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ मां ही स्वस्थ समाज की आधारशिला होती हेंै। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, शिक्षा, पंचायत, वन, स्वास्थ्य तथा पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 से अधिक महिला अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बस्तर में आयोजित मुख्यमंत्री महतारी वंदन वृहद सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने सुना। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी टीकवेंद्र जटवार, परियोजना अधिकारी शैल नाविक, पर्यवेक्षक अपर्णा श्रीवास्तव, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।