बिना हेलमेट के 73 वाहन चालकों पर ई-चालान की कार्रवाई
मुख्य चौक-चौराहों पर 30 सीसीटीवी कैमरों से की जा रही निगरानी
महासमुंद। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से होने वाली मौतों को रोकने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन के लिए 8 मार्च से बिना हेलमेट पहने बाइक -स्कूटी चलाने वाले 73 लोगों का ई-चालान की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाइक या स्कूटी चलाते समय पर हेलमेट का उपयोग जरूर करें। और ट्रैफिक रूल्स फॉलो करें, ताकि उनका जीवन सुरक्षित रहे और वे चालानी कार्रवाई से भी बचे रहें।
गौरतलब है कि महासमुंद शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर लगे करीब 30 सीसीटीवी कैमरों के जरिए वाहन चालकों पर निरंतर निगरानी की जा रही है। इसके अलावा आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के आधुनिक कैमरे भी लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर स्वत: ई-चालान जारी किया जाएगा। ई-चालान सीधे वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चालान जारी होने के बाद निर्धारित समय के भीतर राशि का भुगतान करना अनिवार्य होगा। तय समय में भुगतान नहीं करने पर अतिरिक्त जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही वाहन के बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र या अन्य दस्तावेजों के नवीनीकरण के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एएसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि लंबे समय से टू व्हीलर चलाते समय हेलमेट क उपयोग करने का जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बावजूद अभी भी बहुत से लोग हेलमेट को लेकर जागरूक नहीं हैं। जिसका नतीजा यह है कि वर्ष 2024 और 2025 में जिले में कुल 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई। इनमें से 297 लोगों की मृत्यु दुर्घटना के दौरान हेलमेट न पहनने के कारण सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई।वहीं वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में हुई 37 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 20 लोगों की जान हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर पर चोट लगने से हुई। सड़क दुर्घटना में मृत्यु दर में कमी लाने अतिआवश्यक है कि हेलमेट अनिवार्य रूप से पहना जाए। इस नियम का पालन कराने व जीवन को बचाने के लिए ई-चालान चालू किया गया है। पहले दिन 73 लोगों का चालान कटा है।
हेलमेट न पहनने पर 500 रुपए का चालान
एएसपी ने बताया कि आज भी देखा गया कि बहुत से लोग बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे हैं। ऐसे में वे कैमरे में कैद हो सकते हैं और ई-चालान की कार्यवाही होगी। जिन पर 500/- रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। यदि एक से अधिक बार ऐस होता है तो उनका लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
हाई डेफिनिशन 3 कैमरों से निगरानी
जानकारी के अनुसार शहर में आधुनिक 360 डिग्री वाले 30 कैमरे भी लगाए हैं, जो चारों दिशाओं में घूमकर निगरानी करते हैं। इन कैमरों की खासियत यह है कि ये दूर से ही वाहनों के नंबर प्लेट को पहचानने में सक्षम हैं। बरोंडा चौक, बस स्टैंड, सिटी कोतवाली, अंबेडकर चौक, ओवरब्रिज तुमगांव रोड, नेहरू चौक में ये कैमरे लगाए गए हैं, जहाँ सतत निगरानी हो रही है।
