जन-गारंटियों को तेजी और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतार रहीं सरकार: रमेश

महासमुंद। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पिटियाझर सोसायटी अध्यक्ष रमेश साहू ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार जन-गारंटियों को तेजी और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतार रही है। उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों को पक्का मकान देने के संकल्प के तहत “आवास प्लस 2.0” योजना में 32 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राशि जारी होने की उम्मीद है।
रमेश साहू ने कहा कि यह सरकार की प्रतिबद्धता और ईमानदार प्रयासों का परिणाम है कि जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। बीते वर्ष छत्तीसगढ़ ने अपना रजत जयंती वर्ष मनाया और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी भी गरिमामय ढंग से मनाई गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और अब छत्तीसगढ़ की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलती नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश शत-प्रतिशत बिजली से संचालित रेल नेटवर्क वाले राज्यों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जो आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। माताओं-बहनों से किए गए वादे को निभाते हुए “महतारी वंदन” योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक संबल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है। रमेश साहू ने कहा कि 28 फरवरी को जिले के लगभग डेढ़ लाख किसानों को 765 करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि प्रदान कर सरकार ने उनके त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया। किसानों के हित में यह कदम सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि लाल आतंक के खात्मे के लिए सरकार की स्पष्ट और दृढ़ नीति मील का पत्थर साबित हो रही है। वनांचल क्षेत्रों के साथ महासमुंद-बरगढ़-बलांगीर क्षेत्र भी अब पूरी तरह नक्सल मुक्त हो चुका है। यह सरकार की विकास और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर समान प्राथमिकता का परिणाम है।
रमेश साहू ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार इसी प्रकार जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करती रहेगी।

इन्हें भी पढ़े