राज्य को समृद्ध बनाने वाला बजट : येतराम
महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी की समृद्धि, पूंजीगत व्यय बढ़कर अधोसंरचना विकास को प्रोत्साहित करने तथा राज्य के युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका को बढ़ावा देने वाला बजट बताते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने राज्य को समृद्ध बनाने के संकल्प को सिद्ध करने वाला बजट कहा है। साहू ने कहा कि बजट में सभी वर्गों का विशेष ख्याल रखा गया है। इस बार प्रदेश का बजट का आकार 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का है। पिछले दो बजट के थीम जहां गति और ज्ञान था तो इस बार के बजट का विषय ‘संकल्प’ रखा गया है। इस बजट में सरकार ने साफ संदेश दिया है, उनकी प्राथमिकता में किसानों का हित सर्वोपरि है। सिकासेर लिंकिंग परियोजना के लिए 3047 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही मोहमेला सिरपुर बैराज को भी विशेष प्रोजेक्ट की प्राथमिकता में रखकर स्वीकृति प्रदान की है।
