बजट ‘‘समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़’’ की दिशा में मजबूत संकल्प – योगेश्वर

महासमुंद। ओ पी चौधरी ने मंगलवार को विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस बार बजट का आकार बढ़ाकर 1.72 लाख करोड़ रुपए कर दिया गया है, जो पिछले वर्ष 1.65 लाख करोड़ रुपए था। महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इसे ‘‘समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़’’ की दिशा में मजबूत संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट नवाचार, अधोसंरचना और समावेशी विकास पर केंद्रित है तथा ‘छत्तीसगढ़ अंजोर 2047’ के विजन को साकार करने वाला है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास, महिला-बाल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण जैसे विभागों को हजारों करोड़ का प्रावधान कर विकास की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया गया है। बजट में विकसित भारत जी राम जी योजना, मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना, द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना, कैशलैस चिकित्सा सुविधा, सीजी वायु, रानी दुर्गावती योजना सहित कई नई योजनाओं की घोषणा की गई है।
महासमुंद को बड़ी सौगात
जिले के लिए सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना हेतु 3,047 करोड़ और महानदी पर मोहमेला-सिरपुर बैराज निर्माण के लिए 690 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। साथ ही नर्सिंग कॉलेज की स्थापना, प्रमुख सड़कों का निर्माण, बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र का विकास तथा सिरपुर में ग्लोबल मेडिटेशन सेंटर, म्यूजियम और रिवर फ्रंट के लिए 36 करोड़ का प्रावधान किया गया है। कुल मिलाकर यह बजट विकास, अधोसंरचना विस्तार और जनकल्याण की दिशा में छत्तीसगढ़ को नई गति देने वाला माना जा रहा है।