मतदाता सूची में विसंगतियों के निराकरण हेतु निर्देश जारी
बेमेतरा 16 फरवरी 2026/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के पश्चात विधानसभा निर्वाचन नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को मतदान केन्द्रवार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त सूची वार्ड वार पृथक रूप से तैयार नहीं की गई है, बल्कि वर्ष 2025 की मतदाता सूची में सम्मिलित मतदाताओं द्वारा दस्तावेज सहित भरे गए गणना प्रपत्र एवं सत्यापन उपरांत इसे प्रकाशित किया गया है। इसकी प्रति जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही 22 जनवरी 2026 तक मतदान केन्द्रों में दावा-आपत्ति प्राप्त की गई है।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरणों को लेकर किसी प्रकार की त्रुटि, दावा या आपत्ति हो तो आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित प्रपत्र (6, 7, 8) में संबंधित BLO/ERO/AERO कार्यालय में अथवा ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in/VHA के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उक्त संदर्भ में प्राप्त शिकायत के परीक्षण उपरांत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से जागरूक रहकर मतदाता सूची के सत्यापन में सहयोग करने की अपील की है।
