सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में अभिषेक ने जीता गोल्ड मेडल
महासमुंद। वेस्टजोन नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में जिले के युवा खिलाड़ी अभिषेक निर्मलकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ पुरुष सॉफ्टबॉल टीम ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
भारतीय सॉफ्टबॉल संघ एवं मध्यप्रदेश सॉफ्टबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 11 फरवरी 2026 तक उज्जैन (मध्यप्रदेश) में आयोजित इस चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के पुरुष और महिला सीनियर दल ने भाग लिया। राज्य टीम के चयन के लिए 1 फरवरी 2026 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर स्थित सॉफ्टबॉल मैदान में चयन परीक्षण आयोजित किया गया था, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महासमुंद के अभिषेक निर्मलकर पिता – विजय कुमार निर्मलकर का चयन हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने दमदार शुरुआत करते हुए गुजरात को 7–0, राजस्थान को 10–0 और मध्यप्रदेश को 2–0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पूल विनर मध्यप्रदेश ने वापसी करते हुए महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जिससे खिताबी मुकाबला और रोमांचक हो गया। फाइनल मैच में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को 4–0 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीत लिया।
मध्यप्रदेश को रजत और महाराष्ट्र को कांस्य पदक
छत्तीसगढ़ पुरुष टीम में दुर्ग के सुशांत यादव, सुनील राज, शुभाशीष, कबीरधाम के कलेश्वर निर्मलकर, भूपेंद्र गढ़े, पिंटू सिंह, रायपुर के गौरव डहरिया, मोहित ठाकुर, बिट्टू मंडले, अजय शुक्ला, दीपक साहू, राम राजपूत, सारंगढ़ के तौसीम राजा, जांजगीर-चांपा के दिलेश्वर भारती, महासमुंद के अभिषेक निर्मलकर और बिलासपुर के आयुष केशरवानी शामिल रहे। डॉ. सुनील कुमार भोई (व्यायाम शिक्षक) के मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष 150 से अधिक खिलाड़ी राज्य स्तर और 40 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अभिषेक निर्मलकर के चयन और स्वर्ण पदक जीतने पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित जिला सॉफ्टबॉल एवं बेसबॉल संघ के पदाधिकारियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों और नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
