अंत्योदय के संकल्प को साकार करने उनके विचारों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि: भूपेन्द्र राठौर

महासमुन्द। भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं एकात्म मानवतावाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा जिला कार्यालय में “समर्पण दिवस” श्रद्धा, सम्मान और गहन राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रवादी चिंतन, संगठनात्मक ऊर्जा और वैचारिक प्रतिबद्धता से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नगर संघ चालक भूपेन्द्र राठौर ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानवतावाद भारतीय राजनीति को नैतिकता, सेवा और समरसता की सशक्त दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज जब राजनीति में मूल्यों की आवश्यकता पहले से अधिक है, तब दीनदयाल जी का चिंतन कार्यकर्ताओं के लिए पथप्रदर्शक है। अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए उनके विचारों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अधिवक्ता प्रलय थिटे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांत राष्ट्रहित, सामाजिक समानता और मानव गरिमा के मूल्यों पर आधारित हैं। उन्होंने उदाहरणों और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से स्पष्ट किया कि एकात्म मानवतावाद केवल राजनीतिक दर्शन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और आत्मा का प्रतिबिंब है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम की प्रस्तावना भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने रखी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना हम सभी कार्यकर्ताओं का नैतिक दायित्व है। पं. दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात से ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट गाइड राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह गोल्डी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल एवं पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू की उपस्थिति रही।