दंतेवाड़ा स्टार्टअप हंट, नई उचाईयां छूने के लिए उत्सुक युवाओं को हर संभव मदद-कलेक्टर

दंतेवाड़ा, 24 नवंबर 2025। जिला प्रशासन एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज के तत्वाधान में आयोजित “दंतेवाड़ा स्टार्टअप हंट 2025” में जिले के युवा उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने इनोवेटिव बिजनेस मॉडलों को प्रस्तुत किया। ज्ञातव्य है कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्किल से स्टार्टअप की दिशा में प्रेरित करना और स्थानीय नवाचार को पहचान देना है।

कार्यक्रम में पहुंचे विधायक चैतराम अटामी ने युवाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा के युवा अब सिर्फ जिला ही नहीं, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने नवाचार से पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप हंट जैसे आयोजन युवाओं को मंच देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मार्ग दिखाते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण युवाओं को भी बराबरी का अवसर देते हैं। उन्होंने जिले के युवाओं के बढ़ते उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले समय में दंतेवाड़ा नवाचार का केंद्र बनने की क्षमता रखता है।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कार्यक्रम में युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि वे अपने विचारों को जमीन पर उतारने के लिए प्रशासन की उपलब्ध योजनाओं और तकनीकी सहायता का लाभ उठाएँ। कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिले में नवाचार, उद्यमिता और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पहलें पहले से सफलतापूर्वक चल रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि बिजनेस प्लान के लिए जिला प्रशासन पूरी सहयोग करेंगा और नए स्टार्टअप के लिए लोन भी उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान के अलावा नये स्टार्टअप में उद्यमियों को स्वयं का न्यूनतम आर्थिक निवेश भी किया जाना उनके लिए लाभप्रद होगा क्योंकि इससे उन्हें अपने उद्यम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण प्रेरणा और कारक सिद्ध होगा।

मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता हो या व्यवसाय, युवा एक-दूसरे की मदद करना सीखें। सहयोग की भावना ही उन्हें आगे बढ़ने और अपने स्टार्टअप को विकसित करने में सबसे बड़ा आधार देगी। उन्होंने युवाओं की टीम वर्क और उत्साह की विशेष प्रशंसा की। इस दौरान नए उद्यमियों ने अपने नवाचार स्टार्टअप की भावी योजनाओं का लेखा जोखा एवं अनुभव साझा किए और अपने बिजनेस प्लान के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से बताया।

इनमें आशिष मांझी द्वारा डिजिटल सेवा सर्विस प्रोवाइडर, रंगनाथन ने टूरिज्म फेसेलिटीज, राकेश यादव (एजुकेशन एकेडमी), देवाशिश (नोवाफोर्ज लैब), वंदना (अचार बिजनेस), दीपक ठाकुर (जामवती ट्रेडिशनल इंडियन फुड), शशी तेलाम (ऐलोविरा फार्मिग), राहुल दास (धमाका फिल्म एंड फोटो), शोभा साहू, (हेडमेड सोप), रोशन पाल (टेमरिडे (इमली) उत्पाद), विशाल हल्दर (छिंद काफी), हिडमा तामो (डेयरी प्रोडक्टस), अजीत (हेल्थी फूड), हिमांशु साहू (ड्राइ फ्लावर), अभिनव (आदिवन्या) द्वारा विस्तारपूवर्क अपने-अपने की स्टार्टअप की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट स्टार्टअप प्रस्तुतिकरण को पुरस्कृत भी किया गया। इसमें विशाल हल्दर (छिंद काफी),को प्रथम, रंगनाथन ने टुरिजम फेसेलिटीज एवं होम स्टे को द्वितीय, रोशन पाल (टेमरिडे (इमली) उत्पाद को तृतीय स्थान मिला। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला रोजगार अधिकारी श्री अमित वर्मा, लाईवलीहुड प्रभारी प्राचार्य श्री हरीष सिन्हा, लीड बैंक के अधिकारी, तथा अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।