परसाही टी में 4 शिक्षक पदस्थ होने से विद्यालय में बेहतर अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था का सपना हुआ साकार

महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक मिलने से विद्यार्थियों एवं पालकों में हर्ष व्याप्त, शासन की नवीन व्यवस्था की भूरी-भूरी सराहना की
बालोद, 12 सितंबर 2025/राज्य शासन द्वारा युक्तियुक्तकरण के तहत विद्यार्थियों के दर्ज संख्या के आधार पर तथा शिक्षकों की कमी वाले शालाओं को चयनित कर वहाँ पर समुचित संख्या में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु की गई व्यवस्था समूचे छत्तीसगढ़ राज्य सहित बालोद जिले में भी अध्ययन-अध्यापन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने की दृष्टि से अत्यंत कारगर एवं उपयोगी साबित हो रहा है। शासन की इस दूरगामी एवं महत्वाकांक्षी सोच के फलस्वरूप बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसाही टी में युक्तियुक्तकरण के तहत 04 शिक्षकों की सौगात मिलने से वहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का विद्यालय में बेहतर अध्ययन-अध्यापन सुनिश्चित करने का बहुप्रतीक्षित सपना साकार हुआ है। शासन के युक्तियुक्तकरण व्यवस्था के तहत विद्यालय में विषयवार बच्चों की दर्ज संख्या के आधार पर समुचित शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से अब विद्यालय में बेहतर तरीके से अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि युक्तियुक्तकरण के पूर्व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसाही टी में गणित, अंग्रेजी, जीव विज्ञान एवं हिन्दी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के व्याख्यता नही होने से इन विषयों का अध्ययन-अध्यापन ठीक तरह से नही हो पाता था। जिससे बच्चों के साथ-साथ उनके पालकों में भी निराशा एवं हताशा का भाव देखने को मिल रहा था। बच्चे अपने विद्यालय में विषय शिक्षक उलपब्ध नही होनेे से इन विषयों के परीक्षा परिणाम तथा अपने बेहतर भविष्य के प्रति भी सशंकित नजर आ रहे थे। इसके परिणाम स्वरूप विद्यालय के कई विद्यार्थी अन्य विद्यालयों में भी प्रवेश लेने के लिए रूख कर रहे थे। लेकिन वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसाही टी में शासन की युक्तियुक्तकरण नीति के तहत हीरालाल साहू व्याख्याता गणित, चंद्रभूषण मोहबिया व्याख्याता अंग्रेजी, राजेश कुमार रावटे व्याख्याता हिन्दी तथा दीपिका राज व्याख्याता जीव विज्ञान के रूप में 04 शिक्षक मिलने से विद्यालय के अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था का स्वरूप ही बदल गया है। वर्तमान में विद्यालय में सभी महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध हो जाने से विद्यार्थी प्रसन्नचित होकर पूरे मनोयोग विद्या अध्ययन के कार्य में जुट गए हैं। इसके साथ ही विद्यार्थी एवं पालक विद्यार्थियों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति आशान्वित नजर आ रहे है।
शासन की युक्तियुक्तकरण की नीति की सराहना करते हुए शाला नायक कुमारी कुमकुम, नेहा बंजारे एवं जीत देवांगन ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के प्रक्रिया के पूर्व हमारे विद्यालय में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नही होेने से हम सभी विद्यार्थी अत्यंत निराश एवं चिंतित रहते थे। साथ ही कभी-कभी अपने भविष्य के प्रति भी आशंकित रहा करते थे। लेकिन ऐन वक्त पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले दूरगामी सोंच के फलस्वरूप हमारे विद्यालय में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत 04 महत्वपूर्ण शिक्षकों के पदस्थापना होने से हमारे विद्यालय का स्वरूप ही बदल गया है। हमारे विद्यालय में इन 04 शिक्षकों के पदस्थापना होने से अब बेहतर तरीके से अध्ययन-अध्यापन का कार्य संचालित हो रहा है। अब हम सभी विद्यार्थी एवं पालक अपने भावी भविष्य के निर्माण के लिए पूरी तरह से आशान्वित है। इन सभी विद्यार्थियों ने ग्राम परसाही टी के अलावा अन्य विद्यालयों में बेहतर अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति विनम्र आभार व्यक्त किया है।