भाजपा सरकार 20 महीने में किसानों को खाद के लिए रूला दिया : विनोद
महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार किसानों के लिए पूरी तरह ट्रबल इंजन बन चुकी है। सरकार को किसानों के परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। सरकार ने पहले कृत्रिम रूप से डीएपी संकट खड़ी की और अब यूरिया संकट पैदा कर धान उत्पादन को घटाने षडयंत्र रचा है। श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की साय सरकार द्वारा रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण खाद संकट की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही जा रही है। यदि ऐसा है तो खुले बाजार में बड़ी मात्रा में यूरिया का भंडारण कहां से किया जा रहा है। जिसे किसानों को 3-4 गुना अधिक दर पर बेचा जा रहा है। जो यूरिया 266 रूपए की दर पर समितियों में मिलता है, आज वह बाजार में 1000 रूपए में बेचा जा रहा है। श्री चंद्राकर ने किसानों द्वारा किए गए चक्काजाम को भाजपा सरकार के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में पूरे 5 वर्ष किसानों को सोसाइटियों में यूरिया, डीएपी संकट का सामना नहीं करना पड़ा। आज भाजपा के महज 20 महीने के कार्यकाल में ही किसानों को खाद के लिए रूलाया जा रहा है। किसान इस कदर विवश हो रहे हैं कि उन्हें चक्काजाम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार हर उपाय कर किसानों में हताशा व निराशा उत्पन्न करने की साजिश कर रही है। जिससे किसान अपनी जमीन बेचकर, खेती छोड़कर मजदूर बन जाए। बड़े उद्योगपतियों के इशारे पर किसानों के हक का पानी कारखानों को देने, जमीनों, जंगलों को अडाणी जैसे लोगों को सौंपकर छत्तीसगढ़ के किसानों, आदिवासियों, छत्तीसगढ़ियों को बंधवा मजदूर बनाने की दिशा में एक सोची-समझी रणनीति के तहत भाजपा की सरकार आगे बढ़ रही है।