नेशनल लोक अदालत 13 को, जिला न्यायाधीश ने लीं बैठक
महासमुंद। जिला न्यायालय तथा सभी तालुका स्थित न्यायालयों में 13 सितंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की सचिव आफरीन बानो ने बताया कि न्यायालयों में बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों में कमी लाने के उद्देश्य से तथा प्रभावित पक्षकारों को त्वरित तथा सस्ता एवं सुलभ न्याय प्रदान करने की दिशा में नेशनल लोक अदालत एक प्रभावशाली कदम है। इसके लिए जिला न्यायालय महासमुंद तथा बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली तालुका स्थित सभी न्यायालयों में खण्डपीठों का गठन कर विभिन्न प्रकरणों तथा प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन तथा अधिक से अधिक के प्रकरण रखे जाने के संबंध में सोमवार को प्राधिकरण अध्यक्ष तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय के न्यायिक अधिकारियों की बैठक लीं। साथ ही तालुका स्थित न्यायालयों के न्यायिक अधिकारी वीडियो कान्फ्रेसिंग से जुड़कर बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। न्यायिक अधिकारियों की बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने न्यायालयों में जो प्रकरण चिन्हाकिंत किए हैं जैसे -एमएसीटी, सिविल प्रकरण, एनआई एक्ट, समरी प्रकरणों के आकड़ों का अवलोकन भी किया गया। साथ ही लंबित अथवा निराकृत प्रकरणों के बारे में समीक्षा की । नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण पर चर्चा करते हुए न्यायालयों में 5 से 10 वर्षों से लंबित प्रकरणों तथा वरिष्ठजनों से संबंधित प्रकरणों का आपसी राजीनामा के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए।
