कलेक्टर ने केशकाल बायपास निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
कोण्डागांव, 09 मार्च 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को प्रस्तावित केशकाल बायपास मार्ग का गहन निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग के विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर निर्माण कार्य के तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं के संबंध में राजस्व विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग अधिकारियों से चर्चा की।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार गणेश सिदार, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता प्रज्ञानंद तथा वन विभाग की एसडीओ सुषमा नेताम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।